Search This Blog

Tuesday, 31 July 2018

पीएम के अभियान का असर, रेडिको ने गोद लीं 11 बेटियां

पढ़ाई से लेकर रहने-खाने तक की सभी व्यवस्थाएं कीं
रुद्रपुर के एक स्कूल में कराया सभी बच्चियों का दाखिला
रामपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से प्रेरणा लेते हुए रेडिको खेतान ने 11 बेटियों को गोद लिया है। बिलासपुर और रुद्रपुर की सीमावर्ती इन बेटियों की पढ़ाई से लेकर खान-पान और रहने तक की सभी व्यवस्थाओं का खर्च कंपनी उठाएगी।
रेडिको खेतान के डायरेक्टर (आपरेशन)केपी सिंह ने बताया कि हम लोग सामाजिक सरोकारों में भी बढ़चढ़कर भूमिका निभाते हैं। चाहें वह भू-गर्भ जल स्तर बढ़ाने का अभियान हो या फिर प्रतिभाओं के सम्मान, उन्हें आगे बढ़ाने के काम हों। हमने स्कूलों में भी मैसेज किया हुआ है कि आर्थिक तंगी की वजह से कोई प्रतिभाशाली बच्चा पढ़ाई से नहीं रुकना चाहिए। ऐसा हो तो तत्काल उन्हें बताया जाए। इसी क्रम में पिछले दिनों इंटरमीडिएट के टॉपर को बीटेक में दाखिला दिलाया, अब बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के क्रम में 11 बेटियां गोद ली हैं।
----------------
सेवा प्रकल्प से मिली जानकारी
रेडिको खेतान के प्रबंधक प्रशासन इंद्रपाल सिंह बताते हैं कि बच्चियों की पढ़ाई के लिए दो साल से काम कर रहे हैं। सेवा प्रकल्प संस्था की ओर से संज्ञान में लाया गया था कि सीमावर्ती क्षेत्र की गरीब बेटियां पढ़ाई से वंचित हैं। जिस पर 11 बच्चियों को गोद लिया गया है। इनकी पढ़ाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं तक पर करीब 2.10 लाख रुपये व्यय होगा।
------------------
-हम चाहते हैं कि समाजिक कार्याें में जो भी सामथ्र्यवान लोग हैं, वे आगे आएं। ताकि, रामपुर की प्रतिभाएं आगे बढ़ सकें। गरीबी के कारण किसी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए।
-केपी सिंह, डायरेक्टर, रेडिको खेतान

अब स्टोक कांगरी पहाड़ी को नापेंगी पर्वतारोही मां-बेटी

लेह लद्दाख की सबसे ऊंची पहाड़ी पर फहराएंगी तिरंगा
20500 फीट ऊंची भारत की इकलौती ट्रैकेबल पहाड़ी
रामपुर। अफ्रीका और यूरोप महाद्वीप की ऊंची-ऊंची चोटियों को फतह करने के बाद रामपुर की मां-बेटी लेह लद्दाख की सबसे ऊंची पहाड़ी स्टोक कांगरी को फतेह करके विश्व रिकार्ड बनाने को तैयार हैं। चढ़ाई इसी माह  होगी। इसके लिए उन्हें तिरंगा देकर रवाना किया जाएगा।
रामपुर रेडिको खेतान के डायरेक्टर केपी सिंह के बेटे अमित सिंह की प्रारंभिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा भी रामपुर में ही हुई। एयरक्राफ्ट इंजीनियर अमित सिंह का रामपुर निवासी जूही से विवाह हुआ, इसके बाद एक निजी एयरलाइंस में उनकी जॉब लग गई और वह पत्नी जूही व बेटी दीया के साथ सऊदी में रहने लगे। जूही और दीया दोनों मां-बेटी पर्वतारोही हैं। रेडिको के खेतान केपी सिंह ने बताया कि बहू जूही के पदचिह्नों पर पोती दीया भी चल रही है। दो साल पहले जब दीया महज 12 साल की थी, यानी अब से दो साल पहले तब इन मां-बेटी ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी क्लिमंजारों जिसकी ऊंचाई 19341 फीट है, को फतेह किया था। इसके बाद पिछले दिनों यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी एलब्रुश जिसकी ऊंचाई18510 है, को फतह कर यहां तिरंगा फहराया था। अब ये दोनों मां-बेटी जम्मू कश्मीर की लेह लद्दाख की खूबसूरत वादियों में सबसे ऊंची चोटी स्टोक कांगरी जिसकी ऊंचाई 20500 फीट है, को फतेह करने की तैयारी में हैं। इसकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अगस्त माह में ही चढ़ाई शुरू की जाएगी।
--------------
पर्वतारोहण की मिली अनुमति
लेह लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों से होते हुए स्टोक कांगरी हिम चोटी पर पर्वतारोहण के लिए इंडियन माउंटेयनरिंग फाउंडेशन दिल्ली से अनुमति मिल गई है।
----------------
हर साल अलग पर्वतरोहण का कार्यक्रम
पर्वतारोही मां-बेटी जूही और दीया हर साल एक अलग पर्वत को चुनते हैं, जिसे अपने कदमों के नीचे लाने के लिए वे उन पर चढ़ते हैं। पूर्व में इन्होंने अफ्रीका के पर्वत को चुना, फिर यूरोप के पर्वत को और इस बार एशिया महाद्वीप स्थित लेह लद्दाख के पर्वत को।
--------------------
दोनों में है देशभक्ति का जज्बा:केपी सिंह
रेडिको के डायरेक्टर केपी सिंह ने बताया बहू जूही और पोती दीया को मैंने कह रखा है कि जहां भी पर्वतारोहण करो, अपने देश का ध्वज वहां जरूर ले जाओ। घर से मिले संस्कारों से दोनों देशभक्ति का जज्बा कूट कूटकर भरा हुआ है। आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि मेरी बहू और पोती लेह लद्दाख की इस सर्वाेच्च चोटी पर भी तिरंगा फहराएंगी। 

Friday, 27 July 2018

रेडिको ने टॉपर्स को बांटे लैपटॉप, खिले चेहरे

यूपी बोर्ड और सीबीएसई के मेधावी बच्चे सम्मानित
मंत्री बलदेव औलख के हाथों शिक्षक भी सम्मानित
रामपुर। रेडिको खेतान की ओर से आयोजित किरन देवी मेमोरियल एकेडमिक एक्सीलेंस अवार्ड में यूपी बोर्ड और सीबीएसई में दसवीं-12वीं के टॉपर्स को लैपटॉप बांटे गए। जिले के 23 स्कूलों के सौ से अधिक बच्चों को सम्मानित किया गया। लैपटॉप, चेक, प्रशस्ति पत्र पाकर जहां एक ओर बच्चों को चेहरे खिल गए। वहीं, उन बच्चों को इस लायक बनाने वाले गुरुजनों को भी शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
रामलीला मैदान स्थित उत्सव पैलेस में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री बलदेव औलख, रेडिको खेतान के डायरेक्टर केपी सिंह और उच्च शिक्षा के पूर्व निदेशक डा. आरके बसलस ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन से किया। रेडिको की ओर से मंत्री बलदेव सिंह औलख, यूपी सहकारी निर्माण संघ के चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल, डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी डा. विपिन ताडा और डा. बसलस को बुकें देकर स्वागत किया गया। इसके बाद मेधावियों को सम्मानित करने का सिलसिला शुरू किया गया। इस क्रम में सबसे पहले जिले की टॉप-10 लिस्ट में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप तथा तीन-तीन हजार रुपये के चेक दिए गए। इसके बाद आमंत्रित स्कूलों सभी टॉपर्स को ढाई-ढाई हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। बाद में स्कूलों के प्रधानाचार्याें को भी सम्मानित किया गया।

 रेडिको की यह पहल सराहनीय: औलख
राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने छात्र-छात्राओं से और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताते हुए बधाई दी। साथ ही कहा कि रेडिको की यह पहल सराहनीय है। यहां एक मंच पर विभिन्न बोर्ड के मेधावियों को बुलाकर सम्मानित किया जाता। इससे अन्य बच्चों में भी बेहतर करने की ललक पैदा होगी। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी के उद्घोषक सुरेंद्र राजेश्वरी ने किया। इस मौके पर अजय अग्रवाल, अलोक अग्रवाल, सुनील सिंह, विकास सक्सेना, इंदरपाल सिंह,  विजय कुमार, आर के शर्मा, अमित पाण्डेय, विशाल शर्मा, मुदित जैन आदि मौजूद रहे।
---------------
एक नजर में
-23 यूपी बोर्ड/सीबीएसई के बुलाए गए थे मेधावी।-8 बच्चों को दिए गए लैपटॉप और तीन-तीन हजार के चेक।-100 से अधिक बच्चों को किया गया सम्मानित।-156500 रुपये के कुल चेक बांटे गए।
-रेडिको प्रतिभाओं के सम्मान में कभी पीछे नहीं रही। लगातार यह प्रयास है कि कोई भी प्रतिभा धनाभाव में न पिछड़े। हमने पिछले दिनों रिजल्ट आउट होते ही जिला टॉपर को बीटेक में कंपनी के खर्च पर दाखिला दिलाया है। आगे भी सामाजिक सरोकार के काम हम करते रहेंगे।
-केपी सिंह, डायरेक्टर रेडिको खेतान

Tuesday, 26 June 2018

मां-बेटी ने यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत पर फहराया तिरंगा


रेडिको के डायरेक्टर केपी सिंह की बहू और पोती की उपलब्धि
यूरोप की सबसे ऊंची माउंट एल्बर्स पर तिरंगा लेकर पहुंची मां-बेटी
पूर्व में अफ्रीका की पर्वत श्रंखला किल्मिनजरो पर पहुंची थीं दोनों
रामपुर। पर्वतारोही मां-बेटी ने यूरोप के सबसे ऊंची पर्वत श्रंखला पर भारत का परचम लहराया है। यह बड़ी उपलब्धि रेडिको खेतान के डायरेक्टर केपी सिंह की बहू और पोती ने हासिल की है।
मूलरूप से शामली मुजफ्फरनगर निवासी केपी सिंह ने 1982 में जब रामपुर डिस्टलरी ज्वाइन की थी, उसके बाद से वह रामपुर में ही रहने लगे। वर्तमान में शांति सदन उनका आवास है। उनके बेटे अमित सिंह की प्रारंभिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा भी रामपुर में ही हुई। एयरक्राफ्ट इंजीनियर अमित सिंह का जूही से विवाह हुआ, इसके बाद एक निजी एयरलाइंस में उनकी जॉब लग गई और वह पत्नी जूही व बेटी दीया के साथ सऊदी में रहने लगे। जूही और दीया दोनों मां-बेटी पर्वतारोही हैं। रेडिको के खेतान केपी सिंह ने बताया कि बहू जूही के पदचिह्नों पर पोती दीया भी चल रही है। दो साल पहले जब दीया महज 12 साल की थी, यानी अब से दो साल पहले तब इन मां-बेटी ने अफ्रीका की पर्वत श्रंखला किल्मिनजरों पर फतह हासिल की थी। अब उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंचे पर्वत एल्बर्स पर फतेह हासिल कर वहां तिरंगा फहराया है।

हर साल बनाते हैं अलग पर्वतरोहण का कार्यक्रम
पर्वतारोही मां-बेटी जूही और दीया हर साल एक अलग पर्वत को चुनते हैं, जिसे अपने कदमों के नीचे लाने के लिए वे उन पर चढ़ते हैं। पूर्व में इन्होंने अफ्रीका के पर्वत को चुना, जबकि इस बार यूरोप के पर्वत को।

बधाई देने वालों का लगा तांता
रेडिको खेतान के डायरेक्टर की बहू और पोती की इस उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। फैक्ट्री से लेकर बाहर तक के उनके शुभचिंतक उन्हें बधाई दे रहे हैं।

मैंने कहा था तिरंगा लेकर जाना:केपी सिंह
रेडिको के डायरेक्टर केपी सिंह ने बताया कि इस बार जब बहू जूही और पोती दीया ने यूरोप के सबसे ऊंचे पर्वत एल्बर्स को चुना तो मैंने ही उन्हें सुझाव दिया कि तिरंगा लेकर जाना। कहीं भी रहो, अपने देश का झंडा जरूर दिखे। जिस पर दोनों तिरंगा लेकर ही एल्बर्स पर्वत पर पहुंचीं।

Monday, 4 September 2017

रेडिको खेतान ने दुनिया में रौशन किया रामपुर का नाम

अंतर्राष्ट्रीय स्प्रिट प्रतियोगिता में मिला डबल गोल्ड मैडल
सेनफ्रांसिस्को में हुई प्रतियोगिता में बढ़ाया देश का गौरव
रामपुर। पीएम मोदी के मेक इन इंडिया थीम पर आगे बढ़ते हुए रेडिको खेतान ने विश्वपटल पर रामपुर का नाम रौशन किया है। सेनफ्रांसिस्को में हुई अंतर्राष्ट्रीय स्प्रिट प्रतियोगिता में रामपुर में बनी ‘रामपुर सिंगल माल्ट’ स्प्रिट ने डबल गोल्ड मैडल पर कब्जा जमाया है।
रेडिको खेतान के लिए यह गर्व की बात है कि बीते वित्तीय वर्ष में ही उपभोक्ताओं के लिए लांच की गई ‘रामपुर सिंगल माल्ट’ ने अपने प्रथम वर्ष को पूरा करते ही रेडिको खेतान को विश्व की सर्वोत्तम गुणवत्ता वाली कंपनियों की प्रतिस्पर्धा में न सिर्फ लाकर खड़ा किया बल्कि सबसे बड़ा पुरस्कार भी दिलवाया। अभी पिछले महीने ही ‘रामपुर सिंगल माल्ट’ को बेल्जियम में हुई अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता ‘मोंडे सेलेक्शन 2017 ग्राण्ड गोल्ड अवार्ड मिला है।


क्या कहते हैं अफसर
रेडिको खेतान के पिछले कई वर्षों की मेहनत है जिसके फलस्वरूप इस गुणवत्ता की सिंगल माल्ट हम उपभोक्ता के लिए प्रस्तुत कर सके। यह बहुत गर्व का विषय है कि रामपुर में निर्मित सिंगल माल्ट ने पूरे विश्व पटल की प्रतियोगिता में डबल गोल्ड , ग्राण्ड गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
-केपी सिंह, डायरेक्टर रेडिको खेतान

Tuesday, 8 August 2017

रेडिको ने मेधावियों पर की धनवर्षा, लैपटॉप और चेक बांटे

प्रतिभा का सम्मान.....

राज्यमंत्री बलदेव औलख के हाथों सम्मानित हुए छात्र-छात्राएं

150 बच्चों का उत्सव पैलेस में किया सम्मान, खिला चेहरा
रामपुर। रेडिको खेतान की ओर से मंगलवार को यूपी बोर्ड और सीबीएसई के मेधावी छात्र-छात्राओं पर धनवर्षा की गई। टॉपर्स को लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र दिए, वहीं अन्य मेधावियों को चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों का चेहरा खिल गया।
उत्सव पैलेस में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पहुंचे। जिनका रेडिको खेतान के डायरेक्टर ने अभिावादन किया। इसके बाद कार्यक्रम शुरू किया गया। जिसमें एक-एक कर मेधावी बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर बुलाया गया और सम्मानित किया गया। बच्चों का सम्मान होने पर कई अभिभावकों की खुशी में आंखें भर आईं। इस दौरान बलदेव औलख ने कहा कि सरकार प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। औद्योगिक घरानों के लोग इस तरह के आयोजन कर रहे हैं, यह अच्छी बात है। सरकार भी इन बच्चों को आगे बढ़ने में पूरा सहयोग करेगी। केपी सिंह ने कहा कि डिस्टलरी से प्राप्त होने वाले राजस्व का कुछ भाग भी रामपुर में लगे तो रामपुर और तरक्की करेगा, जिस पर औलख ने उन्हें आश्वस्त किया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज मिलक, कलावती विद्यालय मिलक और सेंट मेरी को भी मेधावी छात्र-छात्राएं देने मे ंक्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार दिया गया। अंत में औलख को स्मृति चिह्न भेंट किया गया। संचालन इंद्रपाल सिंह और विकास सक्सेना ने किया।
इस मौके पर अजय अग्रवाल, देवेंद्र सिंह, आलोक अग्रवाल, सुनील सिंह, विजय कुमार, आरके शर्मा, अनूप कौशिक, अजय तोमर, अमित पांडेय आदि मौजूद रहे।
--------------------

किसे क्या मिला

-यूपी बोर्ड और सीबीएसई के दस टॉपर्स को दिए लैपटॉप।
-सीजीपीए-10 लाने वालों को तीन-तीन हजार का चेक।
-यूपी बोर्ड के अन्य मेधावियों को भी प्रशस्ति पत्र के साथ चेक।
-डीएमए की सात बच्चियों को दस-दस हजार का चेक।
-जर्नलिज्म का कोर्स कर रही निर्धन छात्रा को 50 हजार का चेक
-कंपनी के मेधावी बच्चों को भी ढाई-ढाई हजार रुपये के चेक।
-कुल 150 छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित



-रेडिको खेतान हमेशा ही प्रतिभाओं के साथ खड़ी है। आज बहुत खुशी है कि रामपुर के होनहारों को सम्मानित किया गया। हमारी कंपनी नहीं चाहती कि धनाभाव में कोई प्रतिभाशाली बच्चा आगे बढ़ने से रुके। हम सदैव ऐसे बच्चों की मदद के लिए साथ हैं।
-केपी सिंह, डायरेक्टर रेडिको खेतान

Monday, 17 April 2017

पूरी दुनिया जानती है पाकिस्तान आतंकवादी राष्ट्र: नकवी


केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी अपने तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर आए हुए हैं। बुधवार की सुबह शहर से करीब दस किलोमीटर दूर शंकरपुर स्थित उनके आवास पर उनसे राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय विभिन्न मुद्दों पर बात की, जिसका बड़ी बेवाकी से उन्होंने जवाब दिया। प्रस्तुत हैं उनसे बातचीत के संपादित अंश...।
 सवाल:पाकिस्तान आए दिन सीमा पर हमला होते हैं और हम अमेरिका की ओर मुंह ताकते हैं कि अमेरिका पाक को आतंकी राष्ट्र घोषित करे। हम संसद में खुद उसे क्यों नहीं आतंकी राष्ट्र घोषित करते?
जवाब: बिना घोषित किए ही पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान आतंकवादी देश है। यही वजह है कि आज वह अलग-थलग पड़ गया है। पड़ोसी मुल्क बंग्लादेश और आफगानिस्तान भी उससे दूरी बनाए हैं।

सवाल: यह कैसे कह सकते हैं कि पड़ोसी देशों ने पाकिस्तान से दूरी बना ली है?
जवाब: आपने देखा होगा, सर्जिकल स्ट्राइक जब हुआ तब कोई भी देश उसकी हिमायत में नहीं आया। यह इस बात का सबूत है कि इस्लामिक कंट्री हों या यूरोपियन देश, सभी में पाकिस्तान की छवि अच्छी नहीं है।

सवाल: अभी कश्मीर में सीआरपीएफ के जवानों के साथ अभद्रता का वीडियो वायरल हुआ, इस पर क्या कहेंगे?
जवाब: कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश हो या फिर इस तरह की घटनाएं। सभी का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। देश की सुरक्षा और आत्मसम्मान ने न कभी मोदी सरकार ने समझौता किया है और न ही करेंगे।

सवाल: बलूचिस्तान के सीएम का अभी दो दिन पहले बयान आया था कि हम पाकिस्तान के साथ भाई-भाई की तरह रहे हैं और रहेंगे, भारत की मदद नहीं चाहिए।
जवाब: दरअसल, बलूचिस्तान की सरकार पाकिस्तान के हाथों की कठपुतली है। दुनिया को बलूच के सीएम नहीं बल्कि, वहां की अवाम क्या चाहती है, उसे देखना होगा। पाक अधिकृत कश्मीर में जनता त्रस्त है और उसे आतंकी अपने लिए सबसे अधिक सेफ जोन समझते हैं।

सवाल: तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा की अरुणाचल यात्रा पर चीन हमें आंखें दिखा रहा है, इस पर क्या कहेंगे?
जवाब: अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है। वहां के बारे में हमें चीन या किसी अन्य देश से कोई सर्टीफिकेट की जरूरत नहीं है।

सवाल: ईवीएम को लेकर विभिन्न राजनैतिक दल चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं, भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं?
जवाब: ये सब नकारात्मक सोच वाली पार्टियों के लोग ही कर रहे हैं और बाल की खाल निकाल रहे हैं। जबकि,  ऐसा करने वालों को सोचना चाहिए कि यह जनादेश का अपमान है।

सवाल: तेलंगाना में मुस्लिम आरक्षण को बढ़ाने की बात कही गई है, क्या यह सही है?
जवाब: धर्म के नाम पर आरक्षण की इजाजत संविधान भी नहीं देता। आरक्षण जातिगत आधार पर नहीं बल्कि, उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर होना चाहिए। हमारी सरकार गरीब, पिछड़ों, अति पिछड़ों के लिए काम कर रही है। बिना तुष्टिकरण के आखिरी व्यक्ति तक विकास पहुंचे, इस सोच पर काम हो रहा है। यही वजह है कि न सिर्फ भारत बल्कि, पूरी दुनिया में मोदी जी गरीबों के सच्चे हितैषी के रूप में उभर रहे हैं। जनता का भरोसा सरकार पर दिनोंदिन बढ़ रहा है।